Hubstd.in

Big Study Platform

  • Home
  • /
  • Other
  • /
  • मानवतावाद क्या है? परिभाषा | प्रमुख विशेषताएं | शैक्षिक महत्व
No ratings yet.

मानवतावाद क्या है? परिभाषा | प्रमुख विशेषताएं | शैक्षिक महत्व

मानवतावाद एक ऐसा दृष्टिकोण है जिसमें मानवता और उसके प्रत्येक अंश मानव को प्रधानता दी जाती है। संसार में प्रत्येक राष्ट्र की सरकार द्वारा बनाये जाने वाले कानूनों तथा वहाँ होने वाली घटनाओं की व्याख्या इस दृष्टि से की जाती है कि इससे मानवता का, मानव का, मानवीय संस्कृति और सभ्यता का हित कहाँ तक होगा? उससे मानवीय हितों को कोई क्षति तो नहीं पहुँचेगी? उससे मानवीय एकता दृढ़ होगी अथवा नहीं। मानवता में मानव की उन्नति का विचार सर्वोपरि रहता है।

मानवतावाद की परिभाषा | manavtavaad ki paribhasha

मैसलो

मानवतावाद एक ऐसा शब्द है जो विभिन्न लेखकों द्वारा विभिन्न अर्थों में प्रस्तुत किया गया है। इनमें से एक में यह अर्थ निहित है कि मनुष्य मानव-विचार की समस्त पृष्ठ-भूमि है, ईश्वर नहीं है, कोई अतिमानवीय वास्तविकता नहीं है जिससे- मनुष्य को जोड़ा जा सके।

मैसलो

मानवतावाद एकदम नई तथा क्रान्तिकारी विचारधारा है। इस विचारधारा ने मानव जीवन से सम्बन्धित ज्ञान-विज्ञान तथा समस्त विषयों को एक नया आधार- मानवतावादी आधार देने का प्रयत्न किया है जिसके फलस्वरूप सभी क्षेत्रों में नई मान्यतायें-विकसित हो रही हैं।

मानवतावाद की प्रमुख विशेषताएं | manavtavaad ki Pramukh visheshtaen

  • मानवतावाद से आशय मानव की सेवा करना है।
  • मनुष्य न तो केवल मशीन है, न जीव, वह असीम सम्भावनाओं से युक्त है।
  • मानवतावाद मनुष्य की गरिमा और उसकी रचनात्मकता में विश्वास रखता है।
  • यह वाद अलौकिकवाद में कोई विश्वास नहीं रखता। ब्रह्माण्ड का विचार स्वतन्त्र है। ब्रह्माण्ड में निरन्तर होने वाली परिवर्तनशील घटनायें ही प्रकृति है।
  • इस वाद के अनुसार, वैज्ञानिक पद्धति और विवेक सर्वोत्तम है, उसी के बल पर मनुष्य को अपनी समस्याओं का हल खोजना चाहिये।
  • मानव के सुख इस भौतिक जगत् में निहित हैं। इन सुखों की प्राप्ति के लिये मनुष्य को सांस्कृतिक, आर्थिक व नैतिक प्रगति करने के लिये पूर्ण स्वतन्त्रता प्राप्त होनी चाहिये।
  • मनुष्य को कला और सौन्दर्य की गहन अनुभूति के लिये भी पूर्ण स्वतन्त्रता मिलनी चाहिये।
  • मनुष्यता की रक्षा परम आवश्यक है। इसके लिये समस्त प्रकार की हिंसा व युद्ध समाप्त होने चाहिये।
  • मानवतावाद में सभी मनुष्यों का समन्वित हित सम्मिलित है। यह किसी वर्ग या वर्ण से सम्बन्धित नहीं है।
  • शान्ति, प्रगति और जनतन्त्र ये तीन मानवतावाद के आधार माने जाते हैं। मानवतावाद की अवधारणा में व्यक्ति के विकास में समाज का हित और समाज विकास में व्यक्ति का हित सम्मिलित है। इन दोनों में कोई अन्तर्विरोध नहीं होना चाहिये‌।
  • मनुष्य सर्वाधिक रूप से शक्ति सम्पन्न है। वह व्यक्ति को निरीह प्राणी नहीं मानता।
  • इसका ध्येय संसार में राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय प्रजातन्त्र की स्थापना करना है। विश्व शान्ति के लिये यह परम आवश्यक है।

मानवतावाद का शैक्षिक महत्व | manavtavaad ka shaikshik mahatva

  • मानवतावाद को अपना उद्देश्य एवं आदर्श मान लेने से सभी शिक्षा केन्द्र मानव-कल्याण के सामाजिक केन्द्र बन जायेंगे। ये वैयक्तिक संस्थायें नहीं रहेंगी।
  • मानवतावाद के आधार पर सभी वर्ग के लोग समान सुविधाओं से लाभान्वित हो सकेंगे। जाति-पाति, वर्ग, ऊँच-नीच, गरीब-अमीर आदि कोई भी भेदभाव शिक्षा क्षेत्र में पनप नहीं सकेगा। कुशाग्र एवं मन्द बुद्धि सभी को विकास के उपयोगी एवं उपयुक्त साधन मुहैया होंगे।
  • पाठ्यक्रम में सामाजिक अध्ययन के विषयों जैसे- समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास आदि को स्थान मिलेगा ही लेकिन इनका शिक्षण इस प्रकार से किया जायेगा कि इससे विद्यार्थियों में मानवतावादी भावनायें दृढ़तर हों और उनका दृष्टिकोण मानवतावादी बने।
  • पाठ्यक्रम में मानवतावादी विचारधारा के प्रभाव से व्यावसायिक एवं वैज्ञानिक विषयों को महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त होगा तथा शिक्षण की वैज्ञानिक पद्धतियाँ ही अपनाई जायेंगी।
  • प्रजातान्त्रिक दृष्टिकोण की वजह से शिक्षा सार्वभौमिक होगी। प्रारम्भिक स्तर से ही सभी स्तरों पर शिक्षा प्रसार होगा तथा प्रौढ़ लोग भी इससे भली प्रकार लाभान्वित होंगे।
  • विद्यार्थियों को मानवतावादी दृष्टिकोण समझाने के लिये नीति शास्त्र की भी आवश्यकता है। अतः पाठ्यक्रम में नीति शास्त्र को भी प्रमुख स्थान देना होगा। इसे सीखकर वे आदर्श नागरिक तथा विश्व के लिये कल्याणकारी बन सकेंगे। मानवतावाद के प्रभाव से मानव शास्त्र के विषयों तथा विज्ञान विषयों के बीच कोई विरोध नहीं रहेगा तथा दोनों के मध्य उचित समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

downlaod app